कबीरधाम / बोड़ला। CG NEWS : मोबाइल फोन की लत और एक पल का गुस्सा आज फिर एक हंसते-खेलते परिवार पर कहर बनकर टूटा। बोड़ला में मोबाइल चलाने से मना करने पर 9वीं कक्षा की छात्रा प्रगति मरकाम ने किराए के मकान में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस खौफनाक कदम के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बालिका प्रगति मरकाम कक्षा 9वीं की छात्रा थी। उसके पिता राजेश मरकाम और माता बोड़ला स्थित शासकीय छात्रावास में रसोइया का काम करते हैं। परिवार बोड़ला में ही एक किराए के मकान में रहता है।

डांटने पर बेटी ने दे दी जान
बताया जा रहा है कि, घटना वाले दिन प्रगति लगातार मोबाइल चला रही थी। इस दौरान पिता राजेश मरकाम ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने और मोबाइल न चलाने की हिदायत देते हुए डांट दिया। पिता की इस बात से दुखी और नाराज होकर बच्ची ने घर के कमरे में खुद को बंद कर लिया और फांसी का फंदा लगा लिया।
दरवाजा तोड़कर उतारा गया नीचे
घटना के बाद परिजनो ने आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बच्चों में मोबाइल की लत और छोटी-छोटी बातों पर उग्र कदम उठाने की प्रवृत्ति बेहद चिंताजनक है। अभिभावक बच्चों को अचानक डांटने के बजाय धैर्य और समझाइश से मोबाइल के सही इस्तेमाल के प्रति जागरूक करें।






