आरंग। CG NEWS: आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम पारागांव स्थित महानदी तट पर महिला का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने चरित्र शंका के चलते अपनी प्रेमिका की धारदार वस्तु एवं मारपीट कर निर्मम हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को पारागांव श्मशान घाट के समीप महानदी किनारे रूकमणी सोनवानी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ था। सूचना पर आरंग थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आरंग भेजा गया। बाद में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए शव को मेकाहारा अस्पताल, रायपुर रेफर किया गया।


जांच के दौरान मृतका के पुत्र सागर सोनवानी, भाई रोहित बंजारे सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पूछताछ में मृतका के पुत्र ने बताया कि उसकी मां का पिछले छह-सात वर्षों से ट्रक चालक सोनू सरदार के साथ प्रेम संबंध था।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि 12 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे आरोपी सोनू सरदार ने चरित्र शंका को लेकर रूकमणी सोनवानी से विवाद किया। विवाद के दौरान उसने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए महिला को तालाब पार से महानदी की ओर ले गया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका का पुत्र अपने पड़ोसी युवराज सेन के साथ मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक दोनों वहां से जा चुके थे।
अगली सुबह महानदी किनारे महिला का शव बरामद हुआ। शव के जांघ, कुल्हे, हाथ, पैर तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान मिले। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों, गवाहों के बयानों तथा प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने निष्कर्ष निकाला कि आरोपी ने धारदार वस्तु और हाथ-मुक्कों से हमला कर महिला की हत्या की।
प्रथम दृष्टया हत्या की पुष्टि होने पर आरंग थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी सोनू सरदार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।






