आरंग। CG NEWS: महानदी में जलस्तर बढ़ने के कारण आरंग नगर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। निसदा स्थित इंटेक वेल पंप हाउस और वहां तक पहुंचने वाला मार्ग पानी में डूब जाने से नगर में जलापूर्ति की मुख्य लाइन बंद करनी पड़ी है। इसके चलते शनिवार को नगर में नियमित जलापूर्ति नहीं हो सकेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने बताया कि महानदी का जलस्तर बढ़ने के कारण इंटेक वेल क्षेत्र में पानी भर गया है, जिससे पंप संचालन प्रभावित हुआ है। नगरवासियों को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए नगर पालिका द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार टैंकरों और बोरवेल के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में पानी पहुंचाया जाएगा।

पानी का संयमित उपयोग करने की अपील
जलापूर्ति प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए नगर पालिका ने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सहयोग की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि उपलब्ध पानी का विवेकपूर्ण और आवश्यकतानुसार उपयोग करें, ताकि सभी क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था सुचारु रूप से की जा सके।
नगर पालिका द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जलस्तर कम होने तथा परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद नियमित जलापूर्ति बहाल करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।







