कांकेर/नवीन सोनी। CG NEWS : जिले में लगातार बढ़ रहे मलेरिया प्रकोप और आदिम जाति विकास विभाग के मर्दापोटी आश्रम में अध्ययनरत बच्चों की मलेरिया से हुई मौत के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने इस घटना को बेहद दुखद और गंभीर बताते हुए कहा कि आश्रमों में स्वास्थ्य सुरक्षा, स्वच्छता, समय पर इलाज और मलेरिया नियंत्रण की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ज्ञापन में मांग की गई है कि मर्दापोटी आश्रम में हुई बच्चों की मौत की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले आदिम जाति विकास विभाग के अधिकारियों, आश्रम अधीक्षक, कर्मचारियों और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही जिले में मलेरिया से हुई सभी मौतों की समीक्षा कर संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाए।
कांग्रेस ने मांग की है कि मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, लार्वा नियंत्रण, स्वास्थ्य शिविर और जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं। इसके अलावा सभी आश्रमों, छात्रावासों और जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को पर्याप्त संख्या में मच्छरदानियों का वितरण, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकों की उपलब्धता, आवश्यक दवाइयां, एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। ज्ञापन में मृतक बच्चों एवं अन्य मृतकों के परिजनों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता देने तथा मलेरिया नियंत्रण के लिए विभागवार कार्ययोजना बनाकर उसकी नियमित समीक्षा करने की भी मांग की गई है।






