बेमेतरा। CG NEWS: बेमेतरा से बड़ी खबर है, जहां लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों और किसानों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया है। बेमेतरा के ग्राम झाल स्थित बिजली सब स्टेशन का सोमवार को सैकड़ों ग्रामीणों और किसानों ने घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पेन्डीतराई, पड़रभट्ठा और मजगांव समेत आसपास के दर्जनों गांवों के किसान बिजली की अनियंत्रित कटौती से बेहद आक्रोशित हैं।
किसानों का साफ कहना है कि इस वक्त खेतों में खड़ी फसलों को सिंचाई के लिए पानी की सख्त जरूरत है, लेकिन पर्याप्त बिजली न मिलने से फसलों पर बर्बादी का संकट मंडराने लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ‘अटल ज्योति योजना’ के तहत सरकार और विभाग 16 से 18 घंटे बिजली देने का दावा करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि किसानों को 8 घंटे भी बिजली नसीब नहीं हो रही है।

कई बार लिखित शिकायत देने के बाद भी जब बिजली विभाग ने कोई सुधार नहीं किया, तो मजबूर होकर किसानों को सब स्टेशन का घेराव करना पड़ा। जनपद सदस्य शुभम गंधर्व और स्थानीय किसान पुरुषोत्तम साहू ने चेतावनी दी है कि फिलहाल यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन है, लेकिन अगर जल्द ही 16 घंटे बिजली देने की मांग पूरी नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन और चक्काजाम किया जाएगा।
वहीं, इस पूरे मामले में बिजली विभाग की JE दामिनी ठाकुर का कहना है कि इलाके में बारिश कम होने के कारण किसान लगातार सिंचाई पंप चला रहे हैं, जिससे सब स्टेशन पर अचानक लोड काफी बढ़ गया है। विभाग का दावा है कि लिखित शेड्यूल के तहत किसानों को 16 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि बिजली विभाग किसानों को इस संकट से कब तक राहत दिला पाता है।






