महासमुंद। CG NEWS: बड़ी वारदात की आशंका के बीच महासमुंद पुलिस ने हथियारबंद अंतरराज्यीय गिरोह के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पलसापाली बेरियर पर नाकाबंदी के दौरान बसना पुलिस ने बिना नंबर की मारुति सुजुकी विक्टोरिस कार को रोककर तलाशी ली। आरोपियों के पास से .315 बोर का देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस, 3 लाख 25 हजार रुपये नगद और 4 मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी ओडिशा के बलांगीर में गांजा खरीदने पहुंचे थे, लेकिन सप्लायर से संपर्क नहीं होने पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तस्करी में इस्तेमाल करीब 15 लाख रुपये कीमत की कार भी जब्त की गई है। पुलिस ने हथियार, नकदी, मोबाइल और वाहन समेत करीब 19 लाख 25 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है।







