अभनपुर। CG NEWS: पी.एम. सेजेस अभनपुर में यातायात एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित पी.एम. सेजेस अभनपुर में थाना अभनपुर के एस.आई. विमल खरे एवं एस.आई. कौशिल्या द्वारा विद्यार्थियों के लिए यातायात एवं सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य डॉ. तारा त्रिपाठी की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान दोनों अधिकारियों ने समस्त छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क पर सुरक्षित आवागमन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, वाहन चलाते समय सावधानियों तथा सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों को यातायात संकेतों का पालन करने, सड़क पार करते समय आवश्यक सतर्कता बरतने तथा स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया।

प्राचार्य डॉ. तारा त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से प्राप्त जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा परिवार एवं समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। यातायात एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों ने विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।










