देवभोग/गरियाबंद। CG NEWS : गरियाबंद जिले के देवभोग थाना पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाते हुए तीन अलग-अलग आबकारी प्रकरणों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कुल 80 लीटर अवैध महुआ शराब, 2 मोटरसाइकिल जब्त कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 56 हजार रुपये बताई गई है।


पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरियाबंद एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मैनपुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी देवभोग के नेतृत्व में 12 और 13 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीगुड़ा मार्ग एवं अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव में नियमित गश्त और वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में आरोपी नारायण कुमार ध्रुव के कब्जे से तीन प्लास्टिक जरीकनों में कुल 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। दूसरी कार्रवाई में आरोपी भुवेन्द्र पाथर को मोटरसाइकिल सहित पकड़कर उसके कब्जे से तीन प्लास्टिक जरीकनों में 15 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
वहीं तीसरी कार्रवाई में अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव पर वाहन जांच के दौरान आरोपी अरविन्द यादव के कब्जे से उड़ीसा निर्मित लाल घोड़ा छाप महुआ शराब के 250 पाउच (कुल 50 लीटर) तथा परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
तीनों आरोपियों द्वारा शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने शराब एवं वाहनों को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी (संशोधन) अधिनियम, 2002 की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
नारायण कुमार ध्रुव (42), निवासी ग्राम इरागांव, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद।
भुवेन्द्र पाथर (26), निवासी ग्राम झरगांव, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद।
अरविन्द यादव (48), निवासी ग्राम झाखरपारा, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद।
जब्त सामग्री
30 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत ₹6,000)
50 लीटर उड़ीसा निर्मित लाल घोड़ा छाप महुआ शराब (250 पाउच, कीमत ₹10,000)
2 मोटरसाइकिल (कीमत ₹40,000)
कुल जब्ती मूल्य: लगभग ₹56,000।






