भानुप्रतापपुर। CG NEWS: भानुप्रतापपुर में अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम सहकट्टा में आरोपी के घर के पीछे दबिश दी गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने 2.855 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 42 हजार 750 रुपये बताई गई है, बरामद किया। मामले में सहकट्टा निवासी यशवंत धनेलिया, उम्र 39 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।

खास बात यह है कि भानुप्रतापपुर पुलिस की ओर से एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले तंबाकू के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की गई थी और अब गांजा बरामदगी ने पुलिस की लगातार सक्रियता को सामने ला दिया है। एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज की टीम की लगातार कार्रवाई से अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्ती साफ नजर आ रही है।






