खैरागढ़। CG NEWS: खरीफ सीजन 2026 में नकली खाद, अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कृषि विभाग ने ग्राम पांडुका में बड़ी कार्रवाई करते हुए 202 बोरी संदिग्ध डीएपी खाद जब्त की है। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पूरे स्टॉक को जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल के निर्देशन एवं उपसंचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम पांडुका निवासी राजेश वर्मा के गोदाम में महाराष्ट्र निर्मित डीएपी खाद किसानों को 1,900 रुपये प्रति बोरी की दर से बेची जा रही है। जांच के दौरान गोदाम से 202 बोरी खाद बरामद हुई। पूछताछ में राजेश वर्मा ने खाद को मनोज वर्मा का बताया, लेकिन खरीदी एवं भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद विभाग ने संपूर्ण स्टॉक जब्त कर लिया।

कृषि विभाग ने किसानों से केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदने, पक्का बिल लेने तथा कालाबाजारी, अवैध भंडारण या नकली खाद की जानकारी तत्काल विभाग को देने की अपील की है। कार्रवाई में सहायक संचालक लुकमान साहू सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।






