जांजगीर-चांपा । CG NEWS: जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और मानसिक रूप से परेशान करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलते ही अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रकाश खैरवार, उम्र 19 वर्ष, नाबालिग बालिका को लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। आरोपी कथित तौर पर बालिका पर जबरदस्ती मिलने का दबाव बनाता था और उसके साथ छेड़छाड़ करता था। मामले की शिकायत मिलने के बाद 7 सितंबर 2026 को थाना अकलतरा में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक जय साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के निवास पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से नाबालिग से जुड़े मामले में शिकायत के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।







