तिल्दा नेवरा। CG NEWS : गणेश पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जिला रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में अड्डेबाजी, चाकूबाजी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों की सतत निगरानी एवं सघन जांच की जा रही है। अभियान के दौरान थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र के ग्राम तुलसी साईंधाम रोड एवं सिंचाई कॉलोनी तुलसी में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने एवं भय का वातावरण निर्मित करने वाले 02 आरोपियों साहिल ध्रुव उर्फ लक्की, और गणेश ध्रुव, ग्राम केवतरा को धारा – 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 02 नग धारदार चाकू एवं 01 नग मोटरसाइकिल स्प्लेंडर जप्त किया गया।

तिल्दा नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने कहा है की पुलिस द्वारा गणेश पर्व के दौरान सार्वजनिक शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजों एवं चाकूबाजों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने, भय उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक एवं निरोधात्मक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।







