कोरबा। CG NEWS : जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित हसदेव डेम में एक 30 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी निवासी नंदनी मेहर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आखिर युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मृतका नंदनी मेहर, पिता नरेश मेहर, उम्र लगभग 30 वर्ष, दर्री थाना के पीछे स्थित नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी की रहने वाली थी। परिजनों ने बताया कि वह पार्लर में काम सीखने के लिए घर से निकली थी। सुबह जब वह घर पर नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि हसदेव डेम में एक युवती का शव देखा गया है।

राहगीरों की सूचना पर दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है।





