जांजगीर-चांपा। CG NEWS: जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पोंडी दल्हा स्थित सिंघरी तालाब में करीब साढ़े छह फीट लंबे मगरमच्छ के दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंच गए, जिससे स्थिति संवेदनशील हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। राहत की बात यह रही कि पूरे अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी तालाब, नदी या जलाशय में मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने या उसके करीब जाने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग को सूचना दें।








