राजनांदगांव। CG NEWS: जिला अस्पताल में समय पर रक्त जांच रिपोर्ट नहीं मिलने की वजह से प्रसाव पीड़ा झेल रही महिला का ऑपरेशन नहीं हो पाया। जिसके चलते उसके नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। एक तरफ संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए सरकार के द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है वहीं दूसरी और शासकीय अस्पतालों में लापरवाही दिखाई दे रही है।
सोमवार की रात लगभग ढाई बजे के करीब शहर के समीप टोलागांव निवासी कविता मांडवी को प्रसवपीड़ा होने पर जिला अस्पताल लाया गया। यहां उसे मातृ-शिशु अस्पताल में भर्ती किया गया। इसके बाद यहां ब्लड सैंपल लिया गया और जांच के लिए लैब भेजा गया। परिजनों को सुबह 10 बजे के करीब रिपोर्ट मिलने की बात कही गई। परिजन जब सुबह रिपोर्ट लेने पहुंचे तो रिपोर्ट तैयार नहीं हुआ है कहकर नहीं दिया गया। इधर गर्भवती की प्रसवपीड़ा को देखते हुए परिजनों ने ऑपरेशन करने की मांग भी की, लेकिन जब तक रिपोर्ट नहीं आएगा ऑपरेशन नहीं किया जाएगा कहा गया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ी हुई देख,आनन – फानन में उसे ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया, जहां ऑपरेशन के दौरान नवजात की मृत्यु हो गई।

महिला के परिजनों ने कहा कि ऑपरेशन से पहले बच्चे की हार्टबीट अच्छी थी, लेकिन ऑपरेशन करने में देरी होने की वजह से बच्चों की मौत हुई है। परिजनों ने इस मामले में एसडीएम से लापरवाही बरतने वाले समस्त अस्पताल स्टाफ पर कानूनी कार्रवाई करने मांग की गई है।








