--विज्ञापन यहां--

CG NEWS: चीनी हुई महंगी, डहरिया बोले—कहां गई ‘अच्छे दिनों’ की मिठास? तीज से पहले महंगाई पर भाजपा सरकार को घेरा

By NS
On: August 22, 2026 4:55 PM
हमें फॉलो करें:
--विज्ञापन यहां--


आरंग/लखौली। CG NEWS: आगामी तीज पर्व से पहले बाजार में चीनी समेत चावल, खाद्य तेल, दाल, आटा और अन्य रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर आम परिवारों की चिंता बढ़ने लगी है। त्योहार के दौरान घरों में पकवान और पारंपरिक व्यंजन बनाने की तैयारी के बीच बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।

डॉ. डहरिया ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब त्योहारों की मिठास भी महंगाई की भेंट चढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा, “तीज का पर्व सामने है, घरों में पकवान बनने हैं, लेकिन रसोई का बजट पहले ही बिगड़ चुका है। चीनी महंगी है, चावल के भाव पर दबाव है और खाद्य तेल सहित अन्य जरूरी सामान की कीमतें भी आम आदमी की जेब पर भारी पड़ रही हैं। सरकार बताए कि जनता त्योहार मनाए या महंगाई का हिसाब लगाए?”

उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। सीमित आमदनी के बीच रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से परिवारों का मासिक बजट लगातार प्रभावित हो रहा है।

डॉ. डहरिया ने कहा कि किसान खेत में मेहनत कर अनाज पैदा करता है, लेकिन वही चावल बाजार तक पहुंचने के बाद उपभोक्ता को महंगा मिलता है। उन्होंने कहा कि खाद्य तेल, चीनी और अन्य आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों के कारण आम आदमी की थाली लगातार महंगी होती जा रही है। सरकार को महंगाई के कारण गिनाने के बजाय जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से त्योहारों के मद्देनजर आवश्यक खाद्य वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा बाजार में कीमतों की नियमित निगरानी की मांग की। डहरिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग का फायदा उठाकर यदि कोई व्यापारी मनमाने दाम वसूलता है तो प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
डॉ. डहरिया ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की सामाजिक और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान घरों में मिठाई, पकवान और अन्य पारंपरिक व्यंजन बनाए जाते हैं। ऐसे समय में चीनी, चावल, खाद्य तेल, दाल, आटा सहित अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी सीधे परिवारों की जेब पर असर डालती है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “सरकार के भाषणों और विज्ञापनों में भले ही विकास और अच्छे दिनों की मिठास दिखाई दे, लेकिन जनता की रसोई में महंगाई का स्वाद बढ़ता जा रहा है। सरकार को प्रचार की मिठास नहीं, बल्कि आम आदमी की थाली में राहत की मिठास लौटाने पर ध्यान देना चाहिए।”

डहरिया ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने के बजाय महंगाई पर मिलकर काम करना चाहिए। त्योहारों को देखते हुए खाद्य वस्तुओं की कीमतों और आपूर्ति की नियमित निगरानी की जाए और आम उपभोक्ताओं को उचित दर पर आवश्यक सामान उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा, “जनता ने अच्छे दिनों की उम्मीद में सरकार को चुना था। यदि तीज जैसे त्योहार में भी परिवारों को चीनी, चावल, तेल और दाल खरीदने से पहले अपनी जेब का हिसाब लगाना पड़े, तो सरकार को समझना चाहिए कि महंगाई आम आदमी के लिए कितना बड़ा संकट बन चुकी है।”

डॉ. डहरिया ने सरकार से तत्काल महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि आगामी त्योहार आम जनता के लिए खुशियों, उल्लास और आपसी प्रेम का अवसर बने, महंगाई की चिंता का नहीं।

The post CG NEWS: चीनी हुई महंगी, डहरिया बोले—कहां गई ‘अच्छे दिनों’ की मिठास? तीज से पहले महंगाई पर भाजपा सरकार को घेरा appeared first on Grand News.



Source link

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment