आरंग। CG NEWS: उल्लास नवभारत साक्षरता पखवाड़े एवं अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आरंग विकासखंड के ग्राम गुखेरा और खमतराई में विद्यार्थियों ने साक्षरता जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। जिला कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और गांवों को पूर्ण साक्षर बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
ग्राम गुखेरा में शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने हाथों में साक्षरता संबंधी संदेशों से सजी तख्तियां और पोस्टर लेकर पूरे गांव का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने “साक्षरता ही जीवन का कर्म, कभी न टूटे इसका क्रम” तथा “दीप से दीप जलाएंगे, बड़े-बुजुर्गों सभी को साक्षर बनाएंगे” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया। बाजार चौक में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि पुरुषोत्तम सोनवानी एवं शाला विकास समिति अध्यक्ष रेखराज देवांगन ने ग्रामीणों से गांव को पूर्ण साक्षर बनाने के लिए मिल-जुलकर प्रयास करने का आह्वान किया।
वहीं, ग्राम खमतराई में शासकीय हाईस्कूल, पूर्व माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से जागरूकता रैली निकाली। विद्यार्थियों ने साक्षरता संदेश लिखे पोस्टर लेकर गांव का भ्रमण किया और ग्रामीणों को शिक्षा एवं साक्षरता के महत्व से अवगत कराया। संकुल प्राचार्य टिकेश्वरी चंद्राकर एवं संकुल समन्वयक हरीश दीवान ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से पूरे गांव को पूर्ण साक्षर बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर गुखेरा में ग्राम प्रभारी प्रधान पाठक अरविंद वैष्णव एवं के.के. साहू, वरिष्ठ शिक्षक रामनारायण कन्नौजे, साक्षरता प्रभारी नोहर लाल यादव, विमला चौहान, फातिमा जांगड़े सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। खमतराई में प्रधान पाठक नर्सिंगदास मानिकपुरी, तारकेश्वर डडसेना, भूषण जलक्षत्रि, पुनेश्वर साहू, सी.एल. एनेस्वरी, लायक सिंह डहरिया, सीमा राठौर, हेमा बंजारे, सौरभ साहू, कोमल सिंह राठौर सहित शिक्षकगण, सरपंच कोमन नारायण साहू, अध्यक्ष मोहित साहू, पंचगण एवं स्वच्छता समूह के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।
The post CG NEWS: गुखेरा-खमतराई में गूंजी साक्षरता की आवाज, विद्यार्थियों ने दिया ‘पूर्ण साक्षर गांव’ का संदेश appeared first on Grand News.





