खरोरा। CG NEWS : नगर खरोरा में आयोजित भव्य गणेश झांकी उत्सव के अवसर पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी द्वारा झांकी निकालने वाली विभिन्न समितियों, कलाकारों एवं आयोजनकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा, गणेश भक्त एवं छत्तीसगढ़िया समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव, जिला अध्यक्ष अजय कुमार वर्मा तथा जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष योगेश साहू उपस्थित रहे। इस अवसर पर दोनों संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सेनानी बड़ी संख्या में शामिल हुए और सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सम्मान समारोह के दौरान गणेश झांकी उत्सव में भाग लेने वाली विभिन्न समितियों के सदस्यों, कलाकारों एवं युवाओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, रचनात्मकता और सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव ने अपने संबोधन में कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि झांकी समितियों द्वारा प्रस्तुत की गई झांकियां युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और समाज के प्रति उनकी सकारात्मक सोच को प्रदर्शित करती हैं। ऐसे आयोजनों से छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
जिला अध्यक्ष अजय कुमार वर्मा ने कहा कि खरौरा नगर के युवाओं एवं झांकी समितियों ने अनुशासन, समर्पण और रचनात्मकता का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उन्होंने सभी समितियों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी सदैव सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी। उन्होंने युवाओं से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी झांकी समितियों एवं कलाकारों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, युवा एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








