बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) अपने लगभग 5,500 ट्रैक किलोमीटर के विस्तृत रेल नेटवर्क पर प्रतिदिन 400 से अधिक यात्री एवं मालगाड़ियों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीक के साथ ट्रैक रखरखाव कार्यों को लगातार गति दे रहा है।
मौजूदा वित्तीय वर्ष में एसईसीआर ने अत्याधुनिक ट्रैक मशीनों की मदद से 2,042 किलोमीटर प्लेन ट्रैक टैम्पिंग, 907 टर्नआउट टैम्पिंग, 102 किलोमीटर डीप बैलास्ट स्क्रीनिंग, 50 किलोमीटर ट्रैक नवीनीकरण तथा 58 टर्नआउट का नवीनीकरण सफलतापूर्वक पूरा किया है। इन कार्यों को प्रभावी योजना और उपलब्ध ट्रैफिक ब्लॉकों के बेहतर उपयोग के माध्यम से समयबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया।

नागपुर-झारसुगुड़ा मुख्य रेलखंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले ट्रैक रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्तमान में एसईसीआर के विभिन्न मंडलों में 92 अत्याधुनिक ट्रैक मशीनें कार्यरत हैं, जिनके संचालन एवं रखरखाव के लिए लगभग 900 प्रशिक्षित कर्मचारी चौबीसों घंटे सभी मौसमों में सेवाएं दे रहे हैं।
रेलवे का मानना है कि आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है, परिचालन सुरक्षा मजबूत होती है और यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलता है। एसईसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शेख समी-उर-रहमान ने कहा कि रेलवे ट्रैक केवल दो पटरियों का ढांचा नहीं, बल्कि स्लीपर, बैलास्ट, फास्टनिंग और सटीक ज्यामितीय मानकों से बनी एक संवेदनशील संरचना है, जिसकी गुणवत्ता ही ट्रेनों की सुरक्षा, गति और यात्रियों के सफर की सहजता सुनिश्चित करती है।









