गरियाबंद। CG NEWS: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच राजिम विधायक रोहित साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक रोहित साहू उफनते नाले और चुनौतीपूर्ण रास्ते के बीच खुद ट्रैक्टर चलाकर वनांचल क्षेत्र के ग्राम तालेसर पहुंचते नजर आ रहे हैं। बताया गया कि वे क्षेत्र में आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
बारिश के चलते गांव तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। रास्ते में बड़े-बड़े नाले उफान पर थे और तेज बहाव के कारण सामान्य वाहनों से आगे बढ़ना मुश्किल था। ऐसे में विधायक ने खुद ट्रैक्टर की कमान संभाली और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ नाले को पार करते हुए तालेसर पहुंचे।

गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ विधायक का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रमों में भी उन्होंने हिस्सा लिया।
विधायक रोहित साहू ने कहा
“मेरे क्षेत्र की जनता मेरा परिवार है। परिवार के सुख-दुख में शामिल होने के लिए रास्ते की कोई भी बाधा मुझे रोक नहीं सकती। बारिश और कठिन रास्तों के बावजूद जनता के बीच पहुंचना मेरी जिम्मेदारी है। विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुनने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।”
विधायक के इस अंदाज का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा हो रही है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे






