रायगढ़। CG NEWS: शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने नगर पालिक निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत श्याम टॉकीज, सुभाष चौक, गांधी पुतला रोड और संजय मार्केट क्षेत्र में सघन कार्रवाई की गई। निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय और यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह की उपस्थिति में निगम की टीम ने सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान 14 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सड़क और फुटपाथ पर रखा प्लास्टिक, साउंड बॉक्स, टेबल, साइकिल, कैरेट सहित अन्य सामान जब्त किया गया। वहीं संबंधित दुकानदारों पर कुल 22 हजार 200 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। निगम की टीम ने पाया कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा से बाहर निकालकर सड़क और फुटपाथ पर रखा था। इससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

कार्रवाई के दौरान मौके से अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक मार्ग को खाली कराया गया। निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि सड़क, फुटपाथ और चौक-चौराहों पर अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाएं प्रभावित होती हैं। उन्होंने व्यापारियों से सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखने और सार्वजनिक मार्ग व नालियों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि समझाइश के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










