जांजगीर-चांपा। CG CRIME NEWS: जांजगीर-चांपा जिले के नैला चौकी क्षेत्र में मारपीट कर चांदी की चैन लूटने की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। नैला पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते लूट का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई 42 ग्राम वजन की चांदी की चैन, जिसकी कीमत करीब 5 हजार रुपए बताई जा रही है, बरामद कर ली है।
मामला 30 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 3 बजकर 20 मिनट का है। नैला वार्ड नंबर 5 निवासी रामप्रकाश यादव को मनीष कश्यप ने फोन कर सुल्तान नगर स्थित ईश्वरी यादव के घर के पास बुलाया था। प्रार्थी वहां पहुंचकर बातचीत कर ही रहा था, तभी नैला वार्ड नंबर 4 निवासी 19 वर्षीय कोमल कश्यप उर्फ माऊ पीछे से पहुंचा और पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए प्रार्थी के गले में पहनी चांदी की चैन जबरदस्ती लूट ली और मौके से फरार हो गया। शिकायत मिलते ही नैला चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जूना तालाब के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घर से 42 ग्राम की चांदी की चैन बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी कोमल कश्यप उर्फ माऊ पूर्व में भी लूट के दो मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।







