रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से रविवार को एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। संजय नगर के मदनी चौक स्थित एक किराए के मकान में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में सभी के जहर सेवन कर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली, उनकी पत्नी और दो बेटियां शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर दिया। इसके बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि घटना संजय नगर के मदनी चौक की है। परिवार किराए के मकान में रहता था। शुरुआती जांच में चार लोगों के शव मिलने की पुष्टि हुई है, हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटनास्थल पर कुल चार लोग थे या पांच। फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। एफएसएल की रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
नोट: पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शुरुआती जानकारी के आधार पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
फुल वीडियो








