केन्द्रीय पर्यवेक्षक ने रायपुर शहर के पार्षदों-छाया पार्षदों से की चर्चा : ध्यान रखा जाएगा कि जिला अध्यक्ष किसी ग्रुप का न हो

NFA@0298
3 Min Read

रायपुर, 9 अक्टूबर। कांग्रेस के एआईसीसी पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे ने गुरूवार को रायपुर शहर, और ग्रामीण जिला अध्यक्ष चयन के लिए रायशुमारी की प्रक्रिया शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि 6 नाम के पैनल तैयार किए जाएंगे। यह भी ध्यान रखा जाएगा कि किसी ग्रुप विशेष का नाम न हो।

केन्द्रीय पर्यवेक्षक प्रफुल्ल गुडाधे बुधवार की रात रायपुर पहुंचे। उन्होंने आज पहले प्रेस कांफ्रेंस लेकर जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद 6 नाम के पैनल तैयार किए जाएंगे।

गुडाधे के साथ पीसीसी के पर्यवेक्षक पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, और पूर्व विधायक शैलेश पाण्डेय भी थे। गुडाधे ने सभी पार्षदों, और छाया पार्षदों के साथ बैठक की। कांग्रेस के 8 पार्षद हैं, बाकी 62 वार्डों में पूर्व पार्षदों को छाया पार्षद बनाया गया है। गुडाधे ने सभी पार्षदों को जिला अध्यक्ष के लिए 6 नाम सुझाने के लिए कहा है। इसके बाद वो जिले के पदाधिकारियों से रूबरू हुए। केन्द्रीय पर्यवेक्षक वरिष्ठ नेताओं से अलग से चर्चा करेंगे।

रायपुर शहर के लिए अब तक 40 से अधिक दावेदारों ने फार्म लिए हैं। उन्हें पूरी जानकारी के साथ जमा करने होगा। संभवत: 17 तारीख को ब्लाक आदि रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी दावेदारों से केंद्रीय पर्यवेक्षक वन-टू-वन चर्चा करेंगे। दावेदारों में कई प्रमुख नाम सामने आए हैं। इनमें पूर्व पार्षद श्रीकुमार मेनन, दीपक मिश्रा, आरडीए के पूर्व उपाध्यक्ष शिव सिंह ठाकुर, कांग्रेस प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी, पंकज मिश्रा, देवेन्द्र यादव, इदरीश गांधी, पूर्व मेयर एजाज ढेबर, प्रमोद दुबे, विनोद तिवारी, सारिक रईस खान सहित अन्य नाम है।

शहर अध्यक्ष के रायशुमारी की प्रक्रिया खत्म होने के बाद ग्रामीण जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए पूर्व जनपद अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे, भावेश बघेल, मौजूदा अध्यक्ष उधोराम वर्मा, पूर्व प्रदेश  अध्यक्ष धनेन्द्र साहू के पुत्र प्रवीण साहू, तिल्दा नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राम गिडलानी सहित कई अन्य नाम चर्चा में है। केन्द्रीय पर्यवेक्षक सभी ब्लाकों में जाकर पदाधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। 18-19 को पर्यवेक्षक एआईसीसी को अपनी अनुशंसा भेज देंगे।

Source link

Share This Article
Leave a Comment