मुंबई। Sanjay Dutt Viral Video: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने शेखर सुमन के शो में अपने चर्चित किरदार ‘मुन्नाभाई’ के अंदाज में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर एक मजेदार और व्यंग्यात्मक संदेश दिया। शो के दौरान उनसे पूछा गया कि अगर आज के दौर में मुन्नाभाई भारत के प्रधानमंत्री होते तो देश के हित में क्या फैसले लेते। इसके जवाब में संजय दत्त ने अपने फिल्मी अंदाज में युद्ध, शांति और टैरिफ जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।
संजय दत्त ने मुन्नाभाई के अंदाज में कहा कि अगर वह प्रधानमंत्री होते तो सबसे पहले ट्रंप से मिलने अमेरिका जाते और उन्हें ‘गांधीगिरी’ सिखाते। उन्होंने कहा कि दुनिया में पहले से ही काफी मिसाइलें हैं, ऐसे में देशों को टकराव के बजाय बातचीत और प्यार का रास्ता अपनाना चाहिए।
ट्रंप को दी ‘गांधीगिरी’ की सलाह
संजय दत्त ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर किसी देश पर हमला करने का विचार आए तो पहले बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धमकी देने के बजाय सामने वाले को फोन करके चाय पर बुलाना चाहिए और बातचीत से समस्या का समाधान निकालना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि अगर मिसाइल भेजने का मन करे तो उसकी जगह पहले एक बड़ा सा गुलदस्ता भेजना चाहिए। वहीं, गोली चलाने के बजाय ‘गोला’ खिलाने की बात भी उन्होंने अपने खास मुन्नाभाई अंदाज में कही।
‘टैरिफ छोड़, लोगों की तारीफ करना शुरू कर’
संजय दत्त ने ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा, “अक्खा दिन क्या तू टैरिफ-टैरिफ लगाकर रखा है. टैरिफ छोड़ और लोगों का तारीफ करना चालू कर यार.” इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि ऐसा करने से दिल को सुकून मिलेगा।
उन्होंने अपने संदेश का अंत ‘जादू की झप्पी’ वाले मुन्नाभाई अंदाज में किया और कहा कि वह अमेरिका आ रहे हैं।
क्या ‘मुन्नाभाई 3’ का मिला हिंट?
संजय दत्त का मुन्नाभाई किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा है। फिल्म फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म ‘मुन्नाभाई चले अमेरिका’ की घोषणा भी पहले की जा चुकी थी, हालांकि फिल्म आगे नहीं बन सकी। ऐसे में शो पर संजय दत्त का एक बार फिर मुन्नाभाई के अंदाज में नजर आना फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, इस बातचीत को ‘मुन्नाभाई 3’ की आधिकारिक वापसी का संकेत माना जाए या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।





