दुर्ग। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष 12 जनवरी को आयोजित की जाने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन प्रतियोगिता विगत वर्ष 2019 से अब तक आयोजित नहीं की जा रही है। प्रतियोगिता के बंद होने से प्रदेश के प्रतिभाशाली मैराथन धावकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के महत्वपूर्ण मंच से वंचित होना पड़ रहा है।
इस प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के धावकों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि का प्रावधान रहता था। पुरस्कारों के माध्यम से अनेक प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से भी सहायता मिलती थी। प्रतियोगिता बंद होने से प्रदेश के मैराथन खिलाड़ियों के सामने अभ्यास, प्रतिस्पर्धा और प्रोत्साहन के अवसर सीमित हुए हैं।
जिला ओलंपिक संघ दुर्ग के सह सचिव पोखनलाल साहू ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष मांग रखी है कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन प्रतियोगिता को खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के माध्यम से पुनः प्रारंभ किया जाए।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के पुनः आयोजन से प्रदेश के उभरते हुए धावकों को अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। साथ ही खेल के प्रति युवाओं में उत्साह और सहभागिता भी बढ़ेगी।
पोखनलाल साहू ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रदेश के खिलाड़ियों के हित में इस प्रतियोगिता को आगामी 12 जनवरी से पुनः प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।





