उतई। प्रिज्म ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, महकाखुर्द में 19 सितंबर 2026 को 14वें दीक्षांत समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में PGDM बैच 2024–26 के लगभग 150 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलदीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र के पूर्व निदेशक प्रभारी अनिर्बन दासगुप्ता मुख्य अतिथि तथा भूतपूर्व मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएं), भिलाई इस्पात संयंत्र उमेश भारद्वाज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रिज्म ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षणगण, स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मैनेजमेंट डिपार्टमेंट की प्रिंसिपल डॉ. दुर्गा त्रिपाठी ने स्वागत भाषण में संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं मैनेजमेंट डिपार्टमेंट की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संस्थान में PGDM Management Programme वर्ष 2011 से संचालित है और 14वें बैच 2024–26 के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धि के लिए उपाधि प्रदान की जा रही है। संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को AI एवं नई तकनीक आधारित प्रशिक्षण सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
संस्था की फाउंडर सदस्य एवं महाप्रबंधक, सेल पारमिता महंती ने विद्यार्थियों को जीवन की हर परिस्थिति में रेजिलिएंट बने रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को तैयार करते हुए निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि अनिर्बन दासगुप्ता ने उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रबंधन शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि Management Programme केवल व्यावसायिक क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
विशिष्ट अतिथि उमेश भारद्वाज ने विद्यार्थियों को प्रबंधन क्षेत्र की चुनौतियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रैक्टिकल नॉलेज एवं विभिन्न प्रकार के स्किल्स विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नए कौशल सीखने और उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा PGDM बैच 2024–26 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। उपाधि प्राप्त करना विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव रहा और उन्होंने भविष्य की व्यावसायिक यात्रा की ओर कदम बढ़ाया।
संस्था के चेयरमैन रूपेश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट करियर के साथ-साथ उद्यमी बनने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “आपके सपनों के लिए सामने विशाल आसमान है, हौसलों के पंख लेकर जहां तक उड़ना चाहो उड़ो, उसकी असीम संभावनाएं हैं।”
कार्यक्रम के अंत में डायरेक्टर ख्याति साहू ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को प्रत्येक वर्ष बेहतर जॉब प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ मजबूत Alumni Group के माध्यम से पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद एवं संपर्क स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सीखने के अनुभव एवं ज्ञान को जूनियर्स के साथ साझा करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से असीम साहू, डायरेक्टर, डॉ. अंजना शरद, डॉ. सीमा कश्यप, ललित साहू, दुनेश साहू, स्वर्णलता पाल, मैनेजमेंट डिपार्टमेंट के फैकल्टीज एवं छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन कंचन गांगुली एवं नवीन महिपाल, सहायक प्राध्यापक ने किया। दीक्षांत समारोह के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। प्रिज्म ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का 14वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि, प्रेरणा, करियर मार्गदर्शन एवं भविष्य के नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।





