--विज्ञापन यहां--

CG Dharmik : मां लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए तीन दिन पहले से

By NS
On: September 21, 2026 4:22 PM
हमें फॉलो करें:
--विज्ञापन यहां--


कोंडागांव । Maa Lingeshwari: कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम आलोर-झाटीबन की पहाड़ी गुफा में विराजमान मां लिंगेश्वरी के वार्षिक दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। वर्ष में केवल एक दिन खुलने वाले गुफा मंदिर का द्वार इस वर्ष 23 सितंबर, बुधवार को खुलेगा, लेकिन मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तीन दिन पहले से ही शुरू हो गया है।

सोमवार शाम तक छत्तीसगढ़ के दुर्ग, बालोद, चारामा, कोंडागांव, बस्तर, केशकाल, सिहावा, रायपुर, कुरूद, कोयलीबेड़ा और भानपुरी सहित कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके थे। वहीं उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा और मुंबई सहित अन्य राज्यों से भी भक्त मां लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचे हैं।

प्रवेश मार्ग से करीब एक किलोमीटर तक कतार

मंदिर के प्रवेश मार्ग से करीब एक किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की कतार लगी हुई है। कई श्रद्धालु चटाई बिछाकर मंदिर का द्वार खुलने का इंतजार कर रहे हैं। दर्शन का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, श्रद्धालुओं की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि वे बुधवार सुबह गुफा का द्वार खुलते ही मां लिंगेश्वरी के दर्शन करना चाहते हैं। दूर-दराज से पहुंचे कई भक्त रात से ही कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बुधवार सुबह पुजारियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के बाद गुफा का द्वार खोला जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, स्वास्थ्य सेवा, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की तैयारी भी की जा रही है।

संतान की कामना लेकर पहुंच रहे श्रद्धालु

मां लिंगेश्वरी के दर्शन के लिए दूसरे राज्यों से पहुंचे कई श्रद्धालु संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर भी यहां पहुंचे हैं। उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी बालक राम राज अपनी पत्नी के साथ पहली बार मां के दर्शन के लिए पहुंचे हैं। इसी तरह हरियाणा के हरपाल सिंह और मुंबई के श्रीकांत चौधरी भी अपनी पत्नियों के साथ यहां पहुंचे हैं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे मां लिंगेश्वरी से संतान प्राप्ति की मनोकामना लेकर आए हैं और बुधवार को गुफा का द्वार खुलने पर मां के दर्शन कर अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करेंगे।



Source link

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment