
महासमुंद। CG NEWS: छत्तीसगढ़ में “चावल वाले बाबा” के नाम से पहचान बनाने वाले स्वयंभू आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को महासमुंद पुलिस ने दुष्कर्म के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। बागबाहरा थाना में दर्ज शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई ने पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी है। वर्षों से धार्मिक प्रवचन, दरबार और चावल देखकर भविष्य बताने के दावों के कारण चर्चित रहे बाबा अब खुद गंभीर आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बागबाहरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2023 में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, कथित घटना वर्ष 2023 की बताई जा रही है। पीड़िता ने घटना के बाद अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन सामाजिक दबाव, बदनामी के डर और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते मामला तत्काल पुलिस तक नहीं पहुंच सका। समय बीतने के बाद पीड़िता ने साहस जुटाया और कानूनी कार्रवाई का फैसला लिया। सूत्रों के मुताबिक अब पीड़िता विवाहित है। लंबे समय तक मानसिक तनाव और घटना की पीड़ा झेलने के बाद उसने बागबाहरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
प्रदेशभर में चर्चित रहा है ‘चावल वाले बाबा’ का दरबार
आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में “चावल वाले बाबा” के नाम से जाना जाता रहा है। उनके दरबारों में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान और भविष्य जानने के लिए पहुंचते थे। बाबा दावा करते थे कि वे एक मुट्ठी चावल और लाल फूल के आधार पर व्यक्ति के जीवन की समस्याएं, भविष्य और पारिवारिक परिस्थितियों का आकलन कर सकते हैं।
रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र में उनका आश्रम भी संचालित होने की जानकारी सामने आई है। वर्षों से धार्मिक आयोजनों और कथित चमत्कारिक दावों के चलते उन्होंने बड़ी संख्या में अनुयायी भी बनाए थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पीड़िता के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी किसी प्रकार की शिकायत या आरोप सामने आए थे या नहीं।
कई सवाल छोड़ गया मामला
इस गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर उन स्वयंभू बाबाओं को लेकर बहस तेज हो गई है, जो आस्था और विश्वास के नाम पर लोगों के बीच प्रभाव रखते हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी, लेकिन फिलहाल ‘चावल वाले बाबा’ की गिरफ्तारी प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। आरोपी पर लगाए गए आरोप शिकायत के आधार पर दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच जारी है और न्यायालय में आरोप सिद्ध होना शेष है।



