नई दिल्ली। Asian Games 2026: एशियाई खेलों के 20वें संस्करण का आगाज जापान के आइची-नागोया में हो गया है। खेलों में हिस्सा लेने पहुंचे भारतीय दल का उत्साह बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारतीय खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प की सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि “आइची नागोया में एशियाई खेलों के शुभारंभ पर भारतीय दल को मेरी तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं।” उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है और अद्भुत समर्पण के साथ अपनी तैयारी की है। पूरे देश को अपने खिलाड़ियों पर गर्व है।

पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और शानदार खेल भावना के साथ मुकाबला करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि भारतीय खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करें और देश का नाम रोशन करें।
रंगारंग समारोह के साथ हुआ एशियाई खेलों का आगाज
20वें एशियाई खेलों का उद्घाटन जापान के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में रंगारंग और हाईटेक समारोह के साथ हुआ। जापान के सम्राट नारुहितो ने महारानी मासाको, शाही परिवार के सदस्यों, एशियाई ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री की मौजूदगी में खेलों के शुरू होने की घोषणा की।
करीब दो घंटे चले उद्घाटन समारोह की शुरुआत जापान के राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और खिलाड़ियों की परेड आयोजित की गई। परेड में 45 देशों और ओलंपिक परिषद एशिया की शरणार्थी टीम समेत कुल 46 दलों ने हिस्सा लिया।
मनु भाकर और पवन सहरावत ने की भारतीय दल की अगुवाई
भारतीय दल की परेड में पेरिस ओलंपिक 2024 की पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ध्वजवाहक रहे। दोनों ने पारंपरिक गहरे नीले रंग की पोशाक पहनकर भारतीय दल की अगुवाई की।
गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को समय पर समारोह की किट नहीं मिल पाने के कारण पवन सहरावत को ध्वजवाहक बनाया गया।
भारत इस बार 501 सदस्यीय दल के साथ एशियाई खेलों में हिस्सा ले रहा है। भारतीय खिलाड़ियों की नजरें 2023 के हांग्झोउ एशियाई खेलों के प्रदर्शन को दोहराने पर हैं। हांग्झोउ में भारत ने 28 स्वर्ण समेत कुल 106 पदक जीते थे।
क्रिकेट में भारत ने दर्ज की शानदार जीत
उद्घाटन समारोह से पहले ही कुछ खेलों की प्रतियोगिताएं शुरू हो चुकी थीं। महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने मेजबान जापान को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
भारत टेगबॉल में भी पदक की दौड़ में शामिल है। इस बार टेगबॉल को पहली बार एशियाई खेलों में शामिल किया गया है। महिला एकल में क्विम्सी डिसूजा सेमीफाइनल में हार गईं और अब कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगी।
एशियाई खेलों का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक किया जा रहा है। इस बार करीब 11 हजार खिलाड़ी 43 खेलों में 469 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबला करेंगे। भारतीय दल से देशवासियों को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।






