अंगेश हिरवानी नगरी/धमतरी। CG VIDEO : आमतौर पर थाने में शिकायत किसी व्यक्ति के शिकायत को लेकर पहुंचते हैं… लेकिन धमतरी में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पुलिस को भी कुछ देर के लिए सोचने पर मजबूर कर दिया।
सुंदरगंज वार्ड के कुछ लोग एक बैल को छोटा हाथी वाहन में डालकर सिटी कोतवाली थाने पहुंच गए। वजह थी इस बैल से परेशान पूरा मोहल्ला।
वार्डवासियों का कहना है कि यह कोई आम बैल नहीं, बल्कि पिछले कई दिनों से लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। कभी सड़क पर लोगों को दौड़ाता है तो कभी अचानक हमला कर देता है। लोगों के मुताबिक, अब तक चार-पांच लोग इसके हमले में घायल हो चुके हैं, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

मामला तब और गंभीर हो गया, जब यही बैल सुंदरगंज निवासी गौतम वाधवानी के घर में घुस गया। बताया गया कि बैल घर के मंदिर तक पहुंच गया और परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बैल के दौड़ाने पर वाधवानी के पिता जमीन पर गिर गए, जबकि उनकी पत्नी को भी चोट आई।
वार्डवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार नगर निगम से शिकायत की। एक दिन पहले निगम की टीम ने बैल को पकड़कर बांधा भी, लेकिन रात में उसे फिर छोड़ दिया गया। इसके बाद परेशान लोगों ने आखिरकार खुद ही रास्ता निकाला – बैल को पकड़ा, वाहन में डाला और सीधे थाने पहुंच गए।
थाने में पुलिस के सामने भी कुछ देर अजीब स्थिति बनी रही। आखिर शिकायत किसके खिलाफ दर्ज की जाए? शिकायतकर्ता इंसान थे और आरोपी था… एक बैल।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजेश जगत ने नगर निगम को फोन किया। कुछ देर बाद निगम की टीम थाने पहुंची और बैल को सुरक्षित स्थान पर ले गई।
वार्डवासियों का कहना है कि यह सिर्फ एक बैल की कहानी नहीं, बल्कि शहर में खुलेआम घूम रहे आवारा मवेशियों से लोगों की परेशानी की तस्वीर है। उनका कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो किसी दिन यह परेशानी बड़े हादसे में बदल सकती है।
वहीं नगर निगम उप आयुक्त ने बैल को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की बात कही है। साथ ही पशु मालिकों से अपील की गई है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें।
एक बैल… कई शिकायतें… और आखिरकार थाने की चौखट। धमतरी के सुंदरगंज की यह तस्वीर अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।







