उतई। ग्राम जोरातराई स्थित बाबा रेस्टोरेंट में पुरानी आपसी रंजिश को लेकर राजेन्द्र सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को उतई पुलिस ने अहमदाबाद, गुजरात से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार, मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को राजेन्द्र सिंह ग्राम जोरातराई स्थित बाबा रेस्टोरेंट में परिचितों के साथ चाय पी रहे थे। इसी दौरान पीछे से पहुंचे आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते अचानक उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने गले पर वार किया। राजेन्द्र सिंह ने बचाव का प्रयास किया तो आरोपी ने पेट पर भी वार करने का प्रयास किया। हमले में राजेन्द्र सिंह घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार होकर गुजरात के अहमदाबाद पहुंच गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के कथनों और लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपी का पता लगाया और अहमदाबाद से उसे हिरासत में लेकर दुर्ग लाया।
पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LT 1244, घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार तथा घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कुरपा बाग (40 वर्ष), निवासी मिलन चौक, बागपारा, वार्ड क्रमांक 37, ग्राम जोरातराई, थाना उतई, जिला दुर्ग के रूप में बताई है। मामले में अपराध क्रमांक 458/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी 15 सितंबर को हुई।
कार्रवाई में थाना उतई निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक देवलाल साहू सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






