मस्तूरी के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी का मामला, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो; प्रधान पाठक से 3 दिन में मांगा स्पष्टीकरण
बिलासपुर। CG NEWS: जिले के मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी में बीमार छात्रा से साफ-सफाई कराने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी, बिलासपुर ने शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी की प्रधान पाठक भारती खाण्डे को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि 7 सितंबर 2026 को शासकीय प्राथमिक शाला बेलटुकरी से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुआ था। इसमें बीमार छात्रा से साफ-सफाई कराने की शिकायत सामने आने की बात कही गई है।
नोटिस में कहा गया है कि वायरल वीडियो और प्राथमिक जानकारी से ऐसा प्रतीत होता है कि विद्यालय संचालन एवं प्रशासनिक नियंत्रण में लापरवाही बरती गई है, जो पदीय कर्तव्यों के विरुद्ध होने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के प्रतिकूल है।
3 दिन के भीतर मांगा लिखित स्पष्टीकरण
जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक को निर्देशित किया है कि नोटिस प्राप्त होने के 3 दिवस के भीतर अपना स्पष्ट, लिखित एवं तथ्यात्मक स्पष्टीकरण कार्यालय के समक्ष प्रस्तुत करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर नियमों के अनुसार एकतरफा कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को भी भेजी गई नोटिस की प्रतिलिपि
नोटिस की प्रतिलिपि संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़, कलेक्टर बिलासपुर, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
बीमार छात्रा से स्कूल में साफ-सफाई कराने से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया था। अब शिक्षा विभाग की ओर से नोटिस जारी होने के बाद संबंधित प्रधान पाठक के जवाब और आगे की प्रशासनिक कार्रवाई पर नजर रहेगी।





