रायपुर। Raipur Breaking: राजधानी रायपुर के बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बाहर सड़क किनारे बिजली फैलने से एक बेजुबान की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके के रहवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने विरोध में कॉलोनी का गेट बंद कर दिया, जिसके चलते आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

रहवासियों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के चलते सड़क किनारे करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से बेजुबान की जान चली गई। बताया जा रहा है कि बेजुबान को बचाने की कोशिश के दौरान दो युवक भी करंट की चपेट में आ गए और उन्हें बिजली का झटका लगा। रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था और किसी इंसान की जान भी जा सकती थी। इस पूरी वारदात में हाउसिंग बोर्ड का कोई अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं था, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
घटना के बाद रहवासियों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर विरोध जताया। उनका कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी नहीं लेते और उचित कार्रवाई का आश्वासन नहीं देते, तब तक कॉलोनी का गेट नहीं खोला जाएगा।
विरोध के दौरान गौ-सेवा से जुड़े लोग भी मौके पर मौजूद रहे और बेजुबानों के साथ हुई घटना को लेकर इंसाफ की मांग करते नजर आए। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल भी मौजूद है। पुलिसकर्मी आक्रोशित रहवासियों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।






