रायपुर। मैथिल ब्राह्मण समाज की बेटी निशि ठाकुर ने पीएचडी की उपाधि हासिल कर अपने माता-पिता, परिवार और समाज को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के अंतर्गत शोध केंद्र अग्रसेन महाविद्यालय, पुरानी बस्ती की शोधार्थी निशि ठाकुर को वाणिज्य विषय में पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। उन्होंने अपना शोध कार्य “ग्रामीण परिवेश के आर्थिक विकास में छत्तीसगढ़ राज्य की नरवा-गरुवा-घुरुवा-बाड़ी योजना की भूमिका का अध्ययन (रायपुर संभाग के विशेष संदर्भ में)” विषय पर किया। उन्होंने यह शोध अग्रसेन महाविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. शोभा अग्रवाल के मार्गदर्शन में पूर्ण किया।निशि ठाकुर श्रीमती रीता ठाकुर एवं श्री मोहन कुमार ठाकुर की पुत्री तथा श्री सोहन ठाकुर की भतीजी हैं। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने पिता, परिवार के प्रत्येक सदस्य, गुरुजनों एवं मित्रों को दिया है।वर्तमान में निशि ठाकुर छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ में आंतरिक अंकेक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि को समाज की बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताया जा रहा है। समाज के लोगों ने कहा कि बेटियों को शिक्षा और अवसर मिलने पर वे सफलता के नए शिखर छू सकती हैं।निशि की सफलता पर मैथिल ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पंडित विजय कुमार झा, सचिव पंकज भावेश झा, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार मिश्रा सहित समाज के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं संरक्षकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।






