बिलासपुर। CG NEWS: बिलासपुर के तेलीपारा स्थित शारदा होटल में कोरबा के एक ट्रांसपोर्टर की मौत का मामला सामने आया है। युवक 30 अगस्त को अपोलो अस्पताल से घर जाने के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने बैंक खाते की जानकारी खंगाली, जिसमें शारदा होटल में भुगतान का पता चला। इसके बाद परिजन होटल पहुंचे, जहां कमरा नंबर 117 में युवक का शव मिला। घटना की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कोरबा जिले के दीपका बेलटिकरी निवासी 25 वर्षीय प्रतीक कुमार जायसवाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक प्रतीक अपनी दादी के इलाज के लिए 28 अगस्त को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल आया था। 30 अगस्त को उसका भाई उसे अस्पताल से ऑटो में बैठाकर घर के लिए रवाना हुआ, लेकिन प्रतीक घर नहीं पहुंचा। काफी देर तक संपर्क नहीं होने और मोबाइल बंद मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

इसी दौरान बैंक खाते की जानकारी से पता चला कि 30 अगस्त को तेलीपारा रोड स्थित शारदा होटल में 2500 रुपये का भुगतान हुआ था। संदेह के आधार पर परिजन 31 अगस्त को होटल पहुंचे और कर्मचारियों से जानकारी ली। होटल प्रबंधन ने बताया कि प्रतीक कमरा नंबर 117 में ठहरा हुआ है। परिजनों ने कमरे के बाहर से आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद मास्टर चाबी से कमरा खोला गया, जहां प्रतीक मृत अवस्था में मिला। कमरे की तलाशी के दौरान एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें तनाव और अवसाद का जिक्र होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे घटना की जांच की जा रही है।









