नई दिल्ली। Toxic Social Media Review: साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Toxic’ आखिरकार 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर लंबे समय से फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ था। रिलीज डेट में कई बदलावों के बाद अब फिल्म बड़े पर्दे पर पहुंच चुकी है और शुरुआती सोशल मीडिया रिएक्शन भी सामने आने लगे हैं।
फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है, जबकि यश लीड रोल में नजर आ रहे हैं। फिल्म की रिलीज के साथ ही सुबह के शोज से निकलने वाले दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव साझा करने शुरू कर दिए हैं।

यश की स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ
कुछ दर्शकों को फिल्म में यश का एक्शन और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस काफी पसंद आई है। एक सोशल मीडिया यूजर ने फिल्म को खराब नहीं बताया, लेकिन कहा कि कहानी दर्शकों के साथ मजबूत भावनात्मक जुड़ाव बनाने में सफल नहीं हो पाती।
यूजर के मुताबिक फिल्म के कई हिस्सों में हॉलीवुड फिल्मों जैसा ट्रीटमेंट नजर आता है। वहीं, यश की स्क्रीन प्रेजेंस को शानदार बताया गया है। कियारा आडवाणी और नयनतारा के लुक्स की भी तारीफ देखने को मिली है। फिल्म के कुछ डायलॉग्स को भी दर्शकों ने दमदार बताया।
किसी ने बताया बोरिंग एक्शन ड्रामा
जहां कुछ दर्शकों को फिल्म का एक्शन और विजुअल ट्रीटमेंट पसंद आया, वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे बोरिंग और जरूरत से ज्यादा हिंसक एक्शन ड्रामा करार दिया।
इस बीच कर्नाटक के कई सिनेमाघरों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जहां यश के फैंस फिल्म की रिलीज का जश्न मनाते और सिनेमाघरों में झंडे लहराते नजर आ रहे हैं।
‘KGF का हैंगओवर’ बताया
एक अन्य सोशल मीडिया यूजर ने ‘Toxic’ को ‘KGF का हैंगओवर’ तक बता दिया। यूजर के मुताबिक फिल्म की तकनीकी गुणवत्ता अच्छी है, लेकिन कहानी और स्क्रीनप्ले कई जगह बिखरा हुआ महसूस होता है।
यूजर ने फिल्म में ‘KGF’ का प्रभाव नजर आने की बात कही। वहीं यश और कियारा आडवाणी के कुछ सीन को बेहतर बताया गया, जबकि बाकी हिस्सों को औसत प्रतिक्रिया मिली।
सेकेंड हाफ पर सबसे ज्यादा नाराजगी
फिल्म के दूसरे भाग को लेकर भी सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। एक यूजर ने ‘Toxic’ को ‘टॉर्चर’ बताते हुए दावा किया कि सेकेंड हाफ काफी कमजोर है।
यूजर ने फिल्म की राइटिंग और स्क्रीनप्ले की आलोचना करते हुए कहा कि इंटरवल के बाद कहानी की गति दर्शकों को परेशान कर सकती है। बैकग्राउंड म्यूजिक को लेकर भी नकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
कुल मिलाकर रिलीज के शुरुआती घंटों में ‘Toxic’ को सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। जहां यश की एक्टिंग, स्क्रीन प्रेजेंस और एक्शन सीन्स को लेकर तारीफ हो रही है, वहीं कहानी, इमोशनल कनेक्शन और स्क्रीनप्ले कुछ दर्शकों को कमजोर लगे हैं।
हालांकि, ये शुरुआती सोशल मीडिया रिएक्शन हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों की अंतिम राय और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन आने वाले दिनों में ज्यादा स्पष्ट होगा।






