बिलासपुर। CG BREAKING : जिले के तखतपुर क्षेत्र के जंगल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जंगल में करिल काटने और पीहरी लेने गए 25 वर्षीय युवक पर शेरनी ने हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि शेरनी अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास ही मौजूद है, जिसके चलते ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से सतर्क किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बांधा निवासी धरम दास घृतलहरे (25) जोगीपुर जंगल के फॉरेस्ट बीट आरए-98 क्षेत्र में बांस से निकलने वाला करिल काटने और पीहरी लेने गया था। इसी दौरान जंगल में अचानक शेरनी ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि शेरनी ने युवक की गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद वन्यजीव ने शव को भी क्षतिग्रस्त किया।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि शेरनी अपने शावक के साथ घटनास्थल के आसपास मौजूद बताई जा रही है। ऐसे में ग्रामीणों में किसी और हमले की आशंका को लेकर भय बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही जुनापारा पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हुई। वहीं वन विभाग की टीम भी क्षेत्र का जायजा लेने और वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रखने में जुटी है।
फिलहाल ग्रामीणों को पूरी तरह सतर्क रहने और जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने और जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों तथा शेरनी की मौजूदगी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।









