अभनपुर। CG NEWS : अभनपुर नगरपालिका परिषद में अध्यक्ष और अधिकारियों के बीच विवाद का मामला अब थाने तक पहुंच गया है। नगरपालिका अध्यक्ष उत्तरसेन गहरवारे और सीएमओ व इंजीनियर के बीच हुए विवाद को लेकर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कथित तौर पर गाली-गलौज भी हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

विवाद के बाद नगरपालिका के सीएमओ और इंजीनियर अभनपुर थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांग्रेस अध्यक्ष उत्तरसेन गहरवारे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस अब वायरल सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
घटना के बाद अभनपुर नगरपालिका परिषद में माहौल गरमाया हुआ है। विवाद की वजह क्या थी और घटनाक्रम के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसे लेकर पुलिस की विवेचना जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल अध्यक्ष उत्तरसेन गहरवारे के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।








