रक्तदान शिविर में 32 रक्तवीरों ने किया रक्तदान, मेधावी विद्यार्थियों और समाजसेवियों का सम्मान
आरंग। CG NEWS : अमर शहीद वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की जयंती के अवसर पर हरदेव लोधी समाज आरंग द्वारा विविध सामाजिक, धार्मिक, स्वास्थ्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। जयंती समारोह में समाज के महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, शिक्षा, नारी सशक्तिकरण, युवा शक्ति और जनसेवा का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ सदस्यों द्वारा माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद दिनभर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
32 रक्तवीरों ने किया रक्तदान
समाज के युवा प्रकोष्ठ एवं सहारा ब्लड बैंक रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में समाज के 32 युवाओं एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदाताओं को समाज की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश देते हुए हेलमेट एवं रेनकोट भेंट कर उनका सम्मान किया गया।
इसके साथ ही लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच का लाभ लिया।
जनप्रतिनिधियों का नागरिक अभिनंदन

समारोह के दौरान समाज के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों में योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों का नागरिक अभिनंदन किया गया। ग्राम कलई में बोरवेल की सुविधा उपलब्ध कराने पर जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर का विशेष सम्मान किया गया।
सम्मान से अभिभूत जिला पंचायत सदस्य वतन चंद्राकर ने मंच से समाजहित में बड़ी घोषणा करते हुए अपने जिला पंचायत क्षेत्र में सामाजिक विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
इसी क्रम में आरंग नगर पालिका के पार्षद नरेंद्र लोधी, संतोष लोधी, ईश्वर पटेल तथा ग्राम पंचायत कलई के सरपंच ओमप्रकाश लोधी को भी उनकी उत्कृष्ट जनसेवा के लिए सम्मानित किया गया।
कुरीतियों को दूर करने और बालिका शिक्षा पर दिया जोर

मंचीय कार्यक्रम के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में समाज के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध वक्ताओं ने सामाजिक विकास को लेकर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए एकजुटता के साथ सामाजिक कुरीतियों का उन्मूलन आवश्यक है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, नारी सशक्तिकरण तथा युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
वक्ताओं ने वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के संघर्ष, साहस और देशभक्ति को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाजहित एवं राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों की उपस्थिति में प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
इस दौरान समाज को आर्थिक एवं भौतिक रूप से सहयोग प्रदान करने वाले दानदाताओं का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में रायपुर लोधी समाज के पदाधिकारियों की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने आरंग लोधी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज की एकजुटता और नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाला आयोजन बताया।
महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी

कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण रही भव्य शोभायात्रा। मंचीय कार्यक्रम के समापन के बाद नगर में ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाएं एवं बालिकाएं पारंपरिक परिधान में सजकर सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल हुईं। वहीं बड़ी संख्या में युवा, पुरुष एवं समाज के वरिष्ठजन भी शोभायात्रा का हिस्सा बने।
शोभायात्रा में उमड़ी भीड़ ने आरंग में सामाजिक एकजुटता और संगठन की मजबूत तस्वीर प्रस्तुत की। अनुशासित तरीके से निकली शोभायात्रा में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी के जयकारों से नगर का वातावरण गूंज उठा।
प्रमुख चौक-चौराहों पर हुआ स्वागत
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौक-चौराहों से होते हुए आगे बढ़ी। बस स्टैंड पहुंचने पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा के समापन के बाद समाज की ओर से सामाजिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से भोजन किया।







