खैरागढ़। CG NEWS: मेन रोड राइस मिल से भुलाटोला तक आवारा एवं निराश्रित गौ-पशुओं से बढ़ती परेशानी को लेकर आठ गांवों के सैकड़ों किसान कलेक्टर कार्यालय और एसडीएम कार्यालय पहुंचे। किसानों ने कलेक्टर व एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सड़क पर बैठे मवेशियों के स्थायी प्रबंधन और फसलों की सुरक्षा की मांग की।
किसानों ने बताया कि वार्ड क्रमांक 1 व 2 पिपरिया, अमलीडीह कला, टेकापार, कातलवाही, भुलाटोला, दिलीपपुर, खमतराई और काँचरी में रात के समय आवारा मवेशी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जबकि दिन में सड़क पर बैठे रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। किसान हर्ष वर्मा ने कहा कि किसान दिनभर खेतों की रखवाली करते हैं, लेकिन रात में मवेशी फसल चौपट कर देते हैं।

वहीं अमलीडीह कला के सरपंच रूपेंद्र वर्मा ने कहा कि सड़क हादसों और फसल नुकसान को रोकने के लिए प्रशासन तत्काल प्रभावी कार्रवाई करे। इस दौरान शैलेन्द्र वर्मा, मानिक लाल, खिलेश वर्मा, ललित, गुलशन वर्मा, ज्ञानेंद्र वर्मा, बसंत वर्मा, हेमंत वर्मा, मनोज, बीरेन्द्र वर्मा, रामकुमार पटेल, खिलावन, अजय वर्मा, अनिल वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।









