गरियाबंद। जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार वर्षा के चलते पैंटोरा नाला उफान पर है, जिसके कारण प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। देर रात पुलिस के जवान मौके पर बैरिकेड लगाकर तैनात हैं, ताकि कोई भी राहगीर या वाहन चालक अनजाने में उफनते नाले को पार करने की कोशिश न करे और किसी हादसे का शिकार न बने।
तेज बारिश और अंधेरे के बीच भी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर पूरी मुस्तैदी से डटे हुए हैं। लगातार गिरते पानी के बावजूद जवान रास्ते पर निगरानी रख रहे हैं और आने-जाने वाले लोगों को सुरक्षित मार्ग अपनाने तथा जोखिम भरे रास्तों से दूर रहने की समझाइश दे रहे हैं।

लगातार हो रही बारिश के कारण जिला मुख्यालय सहित आसपास के कई नदी-नाले उफान पर हैं। कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और राजस्व अमले की तैनाती बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान किसी भी उफनते नाले, पुल या पुलिया को पार करने का प्रयास न करें। मौसम विभाग द्वारा बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है, ऐसे में लोगों से केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।









