आरंग। CG NEWS: भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने आरंग में प्रेस वार्ता में समरसता संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि गुरु पूर्णिमा से इस अभियान की शुरुआत होगी। अभियान के तहत देशभर में सामाजिक समरसता, सद्भाव और समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। मंडल से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के शुभारंभ पर देशभर के मंदिरों में 650 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, वहीं संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र मिट्टी से भरे कलश भी विभिन्न स्थानों तक पहुंचाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास केवल संत परंपरा के महान संत ही नहीं थे, बल्कि वे सामाजिक समरसता और मानव समानता के प्रबल प्रवक्ता थे।

उन्होंने जाति-पांति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव का विरोध करते हुए मानवता को सर्वोच्च स्थान दिया। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।








