पाटन। संचालनालय आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार तथा जिला आयुष अधिकारी दुर्ग डॉ. दिनेश चंद्रवंशी के मार्गदर्शन एवं ग्राम पंचायत झीट के सरपंच रूपेंद्र राजू साहू के सहयोग से शासकीय आयुर्वेद औषधालय तर्रा द्वारा 3 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को विकासखंड स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ग्राम झीट के कला मंच, बाजार चौक में आयोजित होगा। शिविर में आयुर्वेद पद्धति से सभी प्रकार के साध्य एवं असाध्य रोगों का परीक्षण एवं उपचार किया जाएगा। साथ ही मरीजों को आयुर्वेदिक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया जाएगा।
शिविर में दुर्ग जिले के अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सकों की टीम उपस्थित रहेगी। इसके अलावा नेत्र जांच, रक्तचाप (बीपी), शुगर एवं हीमोग्लोबिन जांच जैसी स्वास्थ्य जांच सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य रेखा अरविंद जोशी मुख्य अतिथि तथा ग्राम पंचायत झीट के सरपंच रूपेंद्र राजू साहू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयुष विभाग ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य की जांच एवं आयुर्वेदिक उपचार का लाभ प्राप्त करें।






