टिकेंद्र वर्मा@रानीतराई। थाना रानीतराई क्षेत्र में उधारी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में व्यापारी पर धारदार हथियार से हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटर सायकल भी जप्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को ग्राम रानीतराई स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के संचालक अनिल कुमार देवांगन के साथ उधारी के पैसे को लेकर विवाद हो गया। रिपोर्ट पर थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 109, 333, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पता चला कि वर्ष 2019 में आरोपी ने इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदा था, जिसके बकाया पैसे मांगने पर विवाद हुआ। 11 मार्च को सुबह लगभग 9:30 बजे आरोपी देवदत्त ठाकुर अपने साथी बबलू ठाकुर के साथ मोटर सायकल से दुकान पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में दुकानदार के गाल और दांत में चोट आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश कर देवदत्त ठाकुर (40 वर्ष) निवासी ग्राम रानीतराई थाना रानीतराई जिला दुर्ग और बबलू ठाकुर (21 वर्ष) निवासी ग्राम चरोटा थाना मस्तूरी जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटर सायकल क्रमांक सीजी 05 एन 8151 जप्त किया गया।
दोनों आरोपियों को 12 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना रानीतराई के निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक दिनेश राठौर, प्रधान आरक्षक श्याम सिंह, आरक्षक रितेश साहू और दुर्गेश वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान कानून सम्मत तरीके से करें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


