Hanuman Ansh Tax Free: छोटे बजट की फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन पार कर लिया है। फिल्म की इस जबरदस्त सफलता के बीच उत्तराखंड सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म को पूरे उत्तराखंड में टैक्स-फ्री घोषित कर दिया है।
करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ रिलीज के करीब एक महीने बाद भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है। बड़ी फिल्मों के बीच रिलीज होने के बावजूद फिल्म की कमाई लगातार जारी है और अब यह बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी है।

उत्तराखंड में टैक्स-फ्री हुई फिल्म
‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म है। फिल्म में बाबा नीम करोली महाराज की भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक जीवन को दिखाने की कोशिश की गई है।
शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने थिएटर पहुंचकर फिल्म देखी। फिल्म देखने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने इसकी जमकर तारीफ की और इसे पूरे उत्तराखंड में टैक्स-फ्री करने का ऐलान किया।
सीएम धामी ने कहा कि वह चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस फिल्म को देखें। उनके मुताबिक, फिल्म में उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत और संस्कृति को शानदार तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
सीएम धामी ने की फिल्म की तारीफ
पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म की टीम को सफलता की बधाई देते हुए कहा कि ‘हनुमान अंश’ के जरिए लोगों को बाबा नीम करोली महाराज की तपस्या, त्याग, सेवा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट आस्था को जानने और समझने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि बाबा नीम करोली महाराज ने अपना जीवन मानव सेवा, आध्यात्मिक साधना और समाज के कल्याण के लिए समर्पित किया। उनका जीवन यह संदेश देता है कि भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का मार्ग भी है।
30वें दिन 100 करोड़ का आंकड़ा पार
‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस कमाई की बात करें तो फिल्म ने अपने 30वें दिन 100 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन पार कर लिया है। वहीं फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 89 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
खास बात यह है कि रिलीज के पांचवें हफ्ते में भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बनी हुई है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का 100 करोड़ के क्लब में पहुंचना बॉक्स ऑफिस पर किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है।






