दुर्ग। पुलिस ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप (51) को दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से ₹1,49,384 के कथित गबन के मामले में गिरफ्तार किया है। थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 550/2026 के तहत धारा 316(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए महिला कर्मचारी पर दबाव बनाया और उसके बैंक खाते में आने वाले वेतन का अधिकांश हिस्सा PhonePe और Paytm के माध्यम से अन्य खाते में ट्रांसफर करवाया। यह कथित घटनाक्रम 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के बीच हुआ।
विश्वविद्यालय की जांच समिति की रिपोर्ट, बैंक रिकॉर्ड और यूपीआई लेनदेन सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की वैधानिक विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अपने पद का दुरुपयोग कर आर्थिक शोषण या वित्तीय अनियमितता करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।






