--विज्ञापन यहां--

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित

By NS
On: September 27, 2026 11:05 PM
हमें फॉलो करें:
--विज्ञापन यहां--


आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का किया गया सम्मान, मिलेट्स व्यंजनों की लगी प्रदर्शनी

दुर्ग। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन आंगनवाड़ी केंद्र सेक्टर-7 पूर्व, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला दुर्ग में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार की राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक एवं महिला मोर्चा भिलाई अध्यक्ष स्वीटी कौशिक सहित विभागीय अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, पर्यवेक्षक, समूह की महिलाएं एवं विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि सावित्री ठाकुर ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और आशा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे गर्भवती महिलाओं से लेकर बच्चों तक की देखभाल, पोषण, खान-पान और टीकाकरण के संबंध में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि अच्छे कार्य के लिए मिलने वाला प्रोत्साहन कार्यकर्ताओं को और अधिक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ काम करने के लिए प्रेरित करता है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी समाज और परिवारों के सहयोग की आवश्यकता होती है। आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों और उनके परिवारों का सहयोग कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है।
पोषण और स्वच्छता पर दिया जोर
राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में पोषण माह के दौरान गर्भवती महिलाओं, किशोरियों तथा कम वजन एवं कुपोषित बच्चों को पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जा रही है। महिलाओं का स्वास्थ्य बेहतर होगा, तभी परिवार और समाज सशक्त होगा। बच्चों को उचित पोषण, देखभाल और शिक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने स्वच्छता पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि घर-परिवार और आसपास साफ-सफाई रखने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है। पोषण माह जैसे अवसरों पर महिलाओं को अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करना चाहिए और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
आंगनवाड़ी केंद्रों से जुड़ने की अपील
सावित्री ठाकुर ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र केवल कार्यकर्ताओं के लिए नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए हैं। अभिभावकों को समय-समय पर आंगनवाड़ी केंद्र पहुंचकर अपने बच्चों की वृद्धि, पोषण एवं पढ़ाई के संबंध में जानकारी लेनी चाहिए। किसी भी समस्या या आवश्यकता की जानकारी कार्यकर्ता एवं संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनसहयोग जरूरी है। विकसित भारत के संकल्प में प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा-संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से शासन की योजनाओं से जुड़ने और समाजहित में सहयोग करने की अपील की।
उत्कृष्ट कार्य के लिए किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य एवं सहयोग के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संगीता खड़से एवं गुरमीत कौर, आंगनवाड़ी सहायिका कामिन साहू एवं डी. महालक्ष्मी, मितानिन शकुंतला तथा आंगनवाड़ी केंद्र के सहयोग के लिए डुलेश्वरी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मिलेट्स से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। महिलाओं एवं उपस्थित लोगों को मिलेट्स आधारित आहार के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर बच्चों के लिए न्योता भोज का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग रेणुका श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पांडे, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अजय कुमार साहू, पद्मजा सिन्हा, परियोजना अधिकारी अनीता सिंह सहित पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं उपस्थित रहीं।



Source link

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

Leave a Comment