सुकमा। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की रोकथाम के लिए सुकमा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता प्रयासों को एक बड़ी पहचान मिली है। सुकमा पुलिस की विशेष अपील पर प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार ए.आर. रहमान ने आमजन के लिए साइबर जागरूकता का विशेष वीडियो संदेश जारी किया है।
छत्तीसगढ़ पुलिस एवं राज्य शासन की पहल पर 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक ‘साइबर जागृति अभियान’ संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के प्रति जागरूक करना है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में सुकमा पुलिस द्वारा की गई विशेष अपील पर प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार ए.आर. रहमान ने साइबर सुरक्षा को लेकर अपना संदेश दिया। उन्होंने आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सजग और सतर्क रहने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील की है।
ए.आर. रहमान का यह संदेश साइबर जागरूकता अभियान को व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और विशेष रूप से युवाओं सहित डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने वाले लोगों को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के प्रति प्रेरित करेगा।
सुकमा पुलिस की आमजन से अपील
* OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
* किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें।
* ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतें।
* किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।
सुकमा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है- “साइबर जागरूक बनें, सुरक्षित डिजिटल भविष्य से जुड़ें।






