मवेशी घुस रहे स्कूल परिसर में, शौचालय नहीं होने से बच्चों को खुले में जाना पड़ रहा
पाटन। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेलूद में बुनियादी सुविधाओं का अभाव आज भी बरकरार है। सांसद विजय बघेल द्वारा 2 जनवरी 2026 को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव को पत्र लिखकर विद्यालय में बाउंड्रीवाल एवं शौचालय निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया गया था, लेकिन करीब छह महीने बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत नहीं हो सकी है।इस विद्यालय में कक्षा 6 वीं से 8वीं तक कक्षा संचालित होती है जिसमें 118 बालक और 83 बालिका कुल 201 विद्यार्थी पढ़ते है।
विद्यालय में बाउंड्रीवाल नहीं होने के कारण आवारा मवेशी स्कूल परिसर में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे विद्यालय का वातावरण प्रभावित होता है और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। वहीं, शौचालय के अभाव में छात्र-छात्राओं को खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें प्रतिदिन असुविधा का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने अपने पत्र में भाजपा पाटन मंडल के महामंत्री एवं सांसद प्रतिनिधि कृष्ण कुमार साहू के आवेदन का उल्लेख करते हुए विद्यालय की मूलभूत समस्याओं के निराकरण के लिए बाउंड्रीवाल और शौचालय निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया था। इसके बावजूद अब तक न तो राशि स्वीकृत हुई है और न ही निर्माण कार्य शुरू हो पाया है।
क्षेत्र के पालकों और ग्रामीणों का कहना है कि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय में बाउंड्रीवाल और शौचालय का निर्माण शीघ्र कराया जाना चाहिए। छह महीने बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।





